, , ,

अलविदा सुनयन जी: Agra24 के संस्थापक सदस्य व वरिष्ठ खेल समीक्षक सुनयन चतुर्वेदी का निधन, पत्रकारिता जगत स्तब्ध

भोपाल/आगरा: आगरा और भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार, Agra24 के संस्थापक सदस्य व कार्यकारी संपादक श्री सुनयन चतुर्वेदी का शनिवार सुबह भोपाल के सेज अपोलो हॉस्पिटल में निधन हो गया। 21 दिसंबर 1962 को जन्मे सुनयन चतुर्वेदी 63 वर्ष के थे। उनके निधन के समाचार से पत्रकारिता, खेल जगत और आगरा व भोपाल के मीडिया हलकों…

सुनयन चतुर्वेदी
भोपाल/आगरा: आगरा और भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार, Agra24 के संस्थापक सदस्य व कार्यकारी संपादक श्री सुनयन चतुर्वेदी का शनिवार सुबह भोपाल के सेज अपोलो हॉस्पिटल में निधन हो गया। 21 दिसंबर 1962 को जन्मे सुनयन चतुर्वेदी 63 वर्ष के थे। उनके निधन के समाचार से पत्रकारिता, खेल जगत और आगरा व भोपाल के मीडिया हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सुनयन चतुर्वेदी जी को 22 अक्टूबर 2026 को अचानक गंभीर ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद उन्हें तत्काल भोपाल के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था। वे 22 अक्टूबर तक सोशल मीडिया पर पूरी तरह सक्रिय थे और खेलों पर अपने विचार साझा कर रहे थे। पिछले करीब दो सप्ताह से वे जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे थे, लेकिन शनिवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

सुनयन जी पिछले कई वर्षों से आगरा छोड़कर भोपाल में अपने बेटे के पास रह रहे थे और वहीं से मुख्यतः खेल समीक्षा व लेखन का कार्य कर रहे थे। उनका पार्थिव शरीर उनके बेटे रिषभ चतुर्वेदी के आकृति इको सिटी, भोपाल स्थित निजी निवास से दोपहर 12:15 बजे अंतिम यात्रा के लिए रवाना हुआ। इसके बाद दोपहर 1:00 बजे सुभाष नगर विश्राम घाट पर परिजनों, पत्रकारों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

SPONSORED / विज्ञापन
AGRA BUSINESS SPOTLIGHT

आगरा के लाखों पाठकों तक अपना व्यापार पहुँचाएं — कम बजट में बड़ा असर!

📲 WhatsApp पर विज्ञापन बुक करें

सुनयन चतुर्वेदी जी ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक एक लंबा और प्रभावी सफर तय किया। वे Agra24 की स्थापना से ही इसके महत्वपूर्ण स्तंभ रहे
। उनका पत्रकारीय योगदान बहुआयामी रहा, जिसमें Agra24 में कार्यकारी संपादक की भूमिका, ‘न्यूज वन इंडिया’ में आगरा के पूर्व ब्यूरो चीफ, ‘नगर चिंतक’ समाचार पत्र में पूर्व संपादक, ‘न्यूज वर्ल्ड’ में खेल संपादक, और ‘जागता शहर’ में पूर्व खेल संवाददाता की भूमिका प्रमुख रहीं। 
इसके अतिरिक्त, वे ‘स्पोर्ट्स एज’ सहित कई प्रमुख खेल मंचों पर अपनी निष्पक्ष, सकारात्मक और विश्लेषणात्मक लेखनी के लिए जाने जाते थे। क्रिकेट सहित अन्य खेलों की तकनीकी बारीकियों को आम पाठकों तक सहज भाषा में पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी ताकत थी। वे ख़ुद टेबल टेनिस के मंजे हुए खिलाड़ी थे।

Agra24 की नींव रखने से लेकर इसके संपादकीय विजन को दिशा देने तक सुनयन जी का योगदान अतुलनीय रहा। वे केवल एक वरिष्ठ संपादक ही नहीं, बल्कि युवा पत्रकारों और टीम के लिए एक अभिभावक की तरह थे। उनका सहज व्यक्तित्व, खेल पर उनकी पकड़ और उनका मार्गदर्शन हमेशा याद किया जाएगा।

Agra24 परिवार अपने इस वरिष्ठ स्तंभ को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहन करने का संबल प्रदान करें। ॐ शांति।

RECOMMENDED / प्रायोजित
ADVERTISEMENT
📢 Agra 24: यहाँ अपना विज्ञापन दिखाएं Book Now →