
शहर के लगभग दो-तिहाई हिस्से में 9 और 10 जुलाई को प्रस्तावित जलापूर्ति बंद रहने का कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है। लगातार हो रही वर्षा के कारण बिजलीघर चौराहे स्थित शिवाजी मार्केट के सामने मुख्य पेयजल पाइपलाइन को शिफ्ट करने का कार्य शुरू नहीं हो सका। इसके चलते जलकल विभाग ने शटडाउन स्थगित कर दिया है और अब शहर के प्रभावित क्षेत्रों में पहले की तरह नियमित जलापूर्ति जारी रहेगी।
जलकल विभाग ने पहले बिजलीघर चौराहे पर काजीपाड़ा नाले के भीतर से गुजर रही लगभग 70 वर्ष पुरानी मुख्य पेयजल पाइपलाइन को स्थानांतरित करने की योजना बनाई थी। इस तकनीकी कार्य के लिए 9 और 10 जुलाई को जीवनी मंडी और सिकंदरा वाटरवर्क्स से जुड़े क्षेत्रों में सुबह और शाम दोनों समय जलापूर्ति बंद रखने की घोषणा की गई थी, जिससे आठ लाख से अधिक उपभोक्ताओं के प्रभावित होने का अनुमान था।
हालांकि बुधवार सुबह से शुरू हुई लगातार बारिश के कारण पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए खोदे गए गड्ढे में लगातार पानी भरता रहा। जलकल विभाग की टीम ने पंप लगाकर दो बार पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन जलभराव कम नहीं होने से कार्य शुरू नहीं किया जा सका।
जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता प्रेम कुमार ने बताया कि लगभग 16 मीटर लंबी पाइपलाइन को शिफ्ट किया जाना है, लेकिन गड्ढे में पानी भरे रहने के कारण यह कार्य सुरक्षित रूप से संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि मौसम सामान्य होने के बाद दो से चार दिन के भीतर नई तिथि तय कर पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके लिए शहरवासियों को पहले से सूचना दी जाएगी।
फिलहाल आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा, बोदला, मारुति एस्टेट, पश्चिमपुरी, जगदीशपुरा, शाहगंज, दयालबाग, रकाबगंज, ताजगंज, फतेहाबाद रोड, ताजनगरी समेत जीवनी मंडी, सिकंदरा और एमबीबीआर प्लांट से जुड़े सभी क्षेत्रों में पूर्व की भांति नियमित जलापूर्ति जारी रहेगी।
नाले से बाहर लाई जाएगी मुख्य पाइपलाइन
जलकल विभाग के अनुसार, बिजलीघर चौराहे पर मौजूद मुख्य पाइपलाइन वर्तमान में काजीपाड़ा नाले के भीतर से गुजरती है। इससे नाले की सफाई में बाधा आती है, कचरा और सिल्ट जमा होती है तथा जलनिकासी प्रभावित होने से जलभराव की समस्या बनी रहती है। इसी कारण पाइपलाइन को नाले से हटाकर ऊपर से बाईपास मार्ग के जरिए डाला जाना प्रस्तावित है, जिससे भविष्य में रखरखाव और जलनिकासी दोनों में सुधार होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मौसम अनुकूल होने पर पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए नई तिथि घोषित की जाएगी और उस समय संभावित जलापूर्ति बाधित रहने की सूचना भी अग्रिम रूप से जारी की जाएगी।


