
यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा के खंदौली क्षेत्र में नाले से एक विवाहिता का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। करीब 25 वर्षीया महिला का शव कम्बल में लपेटकर काले टेप से सील किया गया था और एक्सप्रेस-वे के किनारे बने नाले में फेंका गया था।
शुक्रवार को निकटवर्ती गांव के कुछ ग्रामीण बकरी चराने के लिए गए तो उनकी नज़र नाले में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिस पर खंदौली थाना पुलिस के साथ फील्ड यूनिट, एसओजी टीम और एसीपी मौके पर पहुंच गए और शव को नाले से बाहर निकलवाया।
आगरा के लाखों पाठकों तक अपना व्यापार पहुँचाएं — कम बजट में बड़ा असर!
📲 WhatsApp पर विज्ञापन बुक करेंप्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि विवाहिता की गला दबाकर हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए उसका शव किसी अन्य स्थान से लाकर यहां फेंका गया। मृतका के हाथ पर बने टैटू के निशान को भी तेज धारदार वस्तु से खुरचकर मिटाने की कोशिश की गई, जिससे उसकी पहचान न हो सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है और उसके हुलिए तथा परिधान के आधार पर वह विवाहित प्रतीत हो रही है, हालांकि उसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है।
मामले का खुलासा करने के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है और यमुना एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव यहां कैसे और किस वाहन से लाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
