, , ,

आगरा में खुलेगा अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र लीमा का सेंटर

Potato Farmer in Fatehabad area of Agra

Potato Farmer in Fatehabad area of Agraहर घर की रसोई में अपनी मजबूत जगह बनाने वाले आलू का जन्मदाता दक्षिण अमेरिका का प्रांत पेरू अब यूपी के आलू पर शोध करेगा। लीमा (पेरू) स्थित इंटरनेशनल सेंटर ऑफ पटैटो (सीआईपी) आगरा में अपना सेंटर खुलने जा रहा है। मंगलवार को होने जा रही कैबिनेट की बैठक में इस बाबत प्रस्ताव रखने की बात कही जा रही है।

उत्तर प्रदेश में भी अब अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की स्थापना होगी। केंद्र सरकार तो पहले ही इस पर सैद्धांतिक सहमति दे चुकी थी। अब यह प्रस्ताव यूपी कैबिनेट में रखा जा रहा है। इससे यूपी में प्रति हेक्टेयर आलू उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी तो वहीं ऐसी किस्मों को भी विकसित किया जा सकेगा जिनकी विदेशों में मांग है।

यूपी में 8 लाख हेक्टेयर से ज्यादा भूभाग पर आलू खेती होती है। लगभग 160 लाख मीट्रिक टन आलू यहाँ पैदा किया जाता है जो देश के कुल उत्पाद का 30 फीसदी से भी ज्यादा है। यूपी का आलू उस गुणवत्ता के मानकों पर फिसड्डी रह जाता है जिसकी निर्यात के लिए दरकार होती है। यही कारण है कि इसका घरेलू इस्तेमाल ज्यादा हो रहा है।

यूपी में अंतरराष्ट्रीय पटैटो सेंटर खोलने के लिए उद्यान विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है। हालांकि मध्य प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र खोलने पर विचार किया जा रहा था, लेकिन सबसे ज्यादा उत्पादन होने के कारण अब यह केंद्र यूपी में खोलने के लिए सहमति बनी है। उद्यान विभाग के निदेशक डॉ. आरके तोमर के मुताबिक इस सेंटर के खुलने पर यहाँ शोध होगा। आलू की विश्वस्तरीय प्रजातियाँ विकसित होंगी। यह कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में एक बड़ा कदम साबित होगा।