, , ,

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव अचानक पहुंचे आगरा कैंट स्टेशन

Railway Minister Ashwini Vaishnav

Railway Minister Ashwini Vaishnavकेंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव सोमवार शाम को अचानक आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। यहां पर उन्होंने यात्रियों से बात की। रेलवे सुविधा और स्टेशन पर साफ-सफाई के बारे में फीड बैक लिया। स्टेशन पर रेल नीर की बोतल लेकर खड़ी युवती से पूछा कि बोतल कितने रुपए की मिली। वो करीब 11 मिनट स्टेशन पर रुके। इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

वैष्णव सोमवार को विशेष ट्रेन से दतिया से दिल्ली लौट रहे थे। शाम 6.31 मिनट पर उनकी विशेष ट्रेन आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची। उनके साथ उत्तर मध्य रेलवे के जीएम सतीश कुमार भी थे। रेल मंत्री की अगवानी के लिए डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल, स्टेशन मैनेजर राजेंद्र सिंह सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।

रेल मंत्री स्टेशन पर उतरकर सीधे यात्रियों के पास पहुंचे। उन्होंने पूछा कि स्टेशन पर साफ-सफाई कैसी है। यात्रियों ने सफाई को लेकर संतोष जाहिर किया। इसके बाद वो आगे बढे़ एक युवती रेल नीर की बोतल लेकर खड़ी थी, उससे पूछा कि बोतल कितने रुपए की मिली, उसने कहाकि 15 रुपए।

उन्होंने पूछा कि स्टेशन पर कोई ओवर रेट तो नहीं लेता। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन पर खान-पान और सफाई व्यवस्था के बारे में पूछा। करीब 10 मिनट तक उन्होंने अलग-अलग यात्रियों से बात की। यात्रियों के फीड बैक पर उन्होंने संतोष जाहिर किया। इसके बाद वो 6.42 बजे विशेष ट्रेन से दिल्ली की ओर रवाना हो गए।