संजय प्लेस में इस साल मर्यादा पुरुषोत्तम राम की ऐतिहासिक राम बारात की अगवानी के लिए उत्सव का माहौल है। आयोजन को भव्य बनाने के लिए बैठकों का दौर चल रहा है। निर्णय लिया गया है जानकी को ब्याहने अपनी बरात लेकर आने वाले श्री राम की अगुवाई के लिए जनकपुरी का महल अयोध्या स्थित राम मंदिर की तर्ज पर सजाया जाएगा। आयोजन समिति चाहती है कि अयोध्या में राम मंदिर पूर्ण होने से पहले जनकपुरी में ही राम मंदिर के दर्शन करा सकें।
दो दिन से समिति के सदस्य संजय प्लेस के हर ब्लॉक में घूम-घूमकर समस्याओं को परख रहे हैं, कहाँ क्या काम कराया जाना है इसकी सूची तैयार की जा रही है। इसके बाद रामलीला कमेटी के अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को कार्यों की सूची दी जाएगी, जिससे वो विभागों को विकास कार्य के लिए निर्देशत कर सकें।
आयोजन समिति अध्यक्ष मुरारीलाल अग्रवाल ने बताया कि इस बार जनकपुरी पांच दिनों तक पूरी भव्यता से सजी रहेगी। 10 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक विभिन्न आयोजन होंगे। शनिवार को विस्तारित कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी। संवाद आयोजन समिति के सचिव वीरेन मित्तल का कहना है कि यह समय निर्माण का है लेकिन एडीए की टीम संजय प्लेस में आए दिन तोड़फोड़ कर रही है। व्यापारी विनय मित्तल ने बताया कि संजय प्लेस की हर बिल्डिंग की प्रत्येक मंजिल पर शौचालय हैं, जो अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए।

