agra airport

agra airportग्राहक संतुष्टि के मामले में अब प्रदेश में आगरा एयरपोर्ट नंबर वन हो गया है, जबकि प्रयागराज दूसरे नंबर पर खिसक गया है। पिछले सर्वे में आगरा दूसरे नंबर पर था, जबकि प्रयागराज अव्वल था।

वहीं, प्रयागराज एयरपोर्ट के खाते में एक उपलब्धि दर्ज हुई है। ग्राहक संतुष्टि मामले में देश के घरेलू एयरपोर्ट में प्रयागराज को 11 वीं रैंक मिली है। प्रयागराज एयरपोर्ट की यह अब तक की सर्वोच्च रैंक है। इसके पूर्व प्रयागराज की पिछली बार अखिल भारतीय स्तर पर 19 वीं रैंक आई थी। इस हिसाब से अखिल भारतीय स्तर पर प्रयागराज एयरपोर्ट को आठ पायदान का फायदा हुआ।

दरअसल एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने प्रत्येक छह माह के दौरान ग्राहक संतुष्टि सूचकांक जारी करता है। इस दौरान एयरपोर्ट पर ही यात्रियों से वहाँ मौजूद सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया जाता है। उसी के आधार पर ही एयरपोर्ट की रैंक निर्धारित की जाति है।

जनवरी से जून और जुलाई से दिसंबर तक अंतर्राष्ट्रीय व घरेलू उड़ान वाले एयरपोर्ट के लिए यह सर्वे अलग-अलग होता है। दोनों की ही अलग सूची जारी की जाती है। इस वर्ष जनवरी से जून 23 तक हुए सर्वे की रिपोर्ट अब एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अब जारी की है। इसमें सिर्फ घरेलू उड़ान संचालित करने वाले 60 एयरपोर्ट को शामिल किया गया है। इस सूची में पहले स्थान पर भोपाल एयरपोर्ट है। दूसरे पर राजस्थान का उदयपुर एवं तीसरे स्थान पर देहरादून एयरपोर्ट है। देश के टॉप टेन में यूपी का आगरा एयरपोर्ट भी शामिल है। आगरा को 10 वीं रैंक मिली है। वहीं, प्रदेश में आगरा अब पहले एवं प्रयागराज दूसरे स्थान पर हो गया है।

घरेलू उड़ान वाले एयरपोर्ट की सूची में प्रयागराज को देश में 11 वीं रैंक मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। महाकुंभ तक एयरपोर्ट का विस्तार हो जाएगा। इस दौरान और सुविधाएं भी बढ़ेंगी। ऐसे में प्रयागराज एयरपोर्ट टॉप टेन में भी शामिल हो सकता है।

ग्राहक संतुष्टि सूचकांक के तहत जनवरी से जून 23 तक घरेलू उड़ान वाले 60 एयरपोर्ट पर एएआई की टीम ने वहाँ मौजूद सुविधाओं के बारे में यात्रियों का फीडबैक लिया। इसमें 33 बिंदुओं के बारे में बात हुई। इसमें मुख्य रूप से एयरपोर्ट में पार्किंग सुविधा, बैगेज़ कार्ट/ ट्रॉलियाँ की उपलब्धता, चेक इन पंक्ति में प्रतीक्षा समय, चेक इन स्टाफ की दक्षता, सुरक्षा जाँच के दौरान प्रतीक्षा समय, रेस्तरा/खाद्य सुविधाएं, एटीएम सुविधा, एयरपोर्ट टर्मिनल की स्वच्छता, टॉयलेट की स्वच्छता आदि के बारे में यात्रियों का फीडबैक लिया गया।

Jyotsna Sharma
Jyotsna Sharma

Jyotsna Sharma joined Agra24 as a journalist in 2021. Before Agra24, she has worked as the Agra correspondent for Lucknow-based Hindi daily Rashtriya Swaroop, and India Monthly magazine.

By Jyotsna Sharma

Jyotsna Sharma joined Agra24 as a journalist in 2021. Before Agra24, she has worked as the Agra correspondent for Lucknow-based Hindi daily Rashtriya Swaroop, and India Monthly magazine.