आगरा के पिनाहट क्षेत्र के उमरैठा गाँव में एक लगभग 300 वर्ष पुरानी हवेली के रात से हो रही मूसलाधार बरसात में गिर जाने से एक परिवार के दो लोगों की मौत हो गई जबकि पाँच अन्य बुरी तरह घायल हो गये हैं।
शुक्रवार सुबह हुए इस हादसे में आसपास के मकानों को भी नुक़सान पहुँचा है। सूत्रों के अनुसार हवेली के बग़ल में स्थित मकान में सो रहे परिवार को बाहर निकाने का मौक़ा भी नहीं मिला और सभी उस हवेली के मलबे में दब गये, जिससे दो लोगों की मौक़े पर ही मौत हो गई और पाँच को घायल अवस्था में गाँव वालों ने बचा कर पास के अस्पताल पहुँचाया जहां उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हवेली गाँव सबसे पुराने मकानों में से एक थी, जिसके बग़ल में चन्द्रभान का मकान बना हुआ है। कल रात से हो रही भारी बारिश से हवेली की दीवारों में पानी भर गया जिसके चलते पहले एक दीवार गिरी और फिर पूरी हवेली ही चन्द्रभान के मकान पर आ गिरी जिसमें चन्द्रभान (50) के साथ एक वर्षीय तन्वी की मलबे में दब जाने के कारण मौत हो गई।
गाँव वालों द्वारा चलाये गये बचाव अभियान के बाद रौनक़, तान्या, इंद्रावती, लक्ष्मी समेत छह लोगों को मलबे से बाहर निकालकर आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार हवेली काफ़ी समय से गिरासूँ हालात में थी लेकिन यह उम्मीद नहीं थी कि वह ऐसे अचानक गिर जाएगी।

