योगी आदित्यनाथ सरकार के अधीन उत्तर प्रदेश में व्यापक रूप से हुए क़ानून-व्यवस्था में सुधारों को कुछ अपराधी लगातार धता बताने की कोशिश में लगे हुए हैं, हालाँकि पुलिस उनके मंसूबे सफल नहीं होने दे रही। ऐसे ही एक मामला गुरुवार को थाना न्यू आगरा में आया, जहां लॉयर्स कॉलोनी स्थित आगरा के एक नामी कार डीलर ने पचास लाख रुपये की चौथ के लिए जान से मारने की धमकी दिये जाने का मामला दर्ज कराया है।
धमकी के बाद दहशत में आये कारोबारी अनुराग अग्रवाल ने खन्दौली के गाँव सैमरा निवासी विजेंद्र सिंह को नामजद किया है। उन्होंने बताया है कि वे लॉयर्स कॉलोनी स्थित मधुसूदन मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड (Madhusudan Motors) एवं मेसर्स मधुसूदन व्हीकल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। उन्होंने अपनी एफ़आईआर में आरोप लगाया है कि विजेंद्र सिंह एक साल से उन्हें परेशान कर रहा है और कई बार उनके ख़िलाफ़ ग़लत शिकायत कर चुका है जिसका वे विधिक तरीके से जवाब दे रहे हैं।
आगरा के लाखों पाठकों तक अपना व्यापार पहुँचाएं — कम बजट में बड़ा असर!
📲 WhatsApp पर विज्ञापन बुक करेंउन्होंने बताया कि वे विजेंद्र सिंह के ख़िलाफ़ जानकारी जुटा रहे हैं जिसका पता चलने पर विजेंद्र सिंह 30 जुलाई को शोरूम में घुस आया और उनके चैंबर में आकर गालीगलौज करते हुए 50 लाख रुपये की चौथ मांगी। रक़म न देने पर उनकों उनके पिता और भाई सहित जान से मारने की धमकी दी। धमकी देने के बाद वीजेंद्र सिंह चला गया लेकिन अनुराग अग्रवाल और उनका परिवार दहशत में आ गये हैं।
न्यू आगरा थानाध्यक्ष राजीव कुमार का कहना है कि प्रकरण में विवेचना की जा रही है। विवाद के पीछे कोई और वजह तो नहीं है, यह पता किया जा रहा है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाही की जाएगी।
