आगरा में मेट्रो का काम प्रगति पर दिखाई दे रहा है। जनता आगरा मेट्रो में कब बैठ सकेगी, यह तो अभी कहा नहीं जा सकता लेकिन उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का पूरा प्रयास होगा कि आगरा मेट्रो ट्रेन का हर हाल में 2024 लोकसभा चुनावों से पहले उदघाटन हो सके।
पिछले दिनों आगरा आये यूरोपियन निवेश बैंक (EIB) के उपाध्यक्ष Christian Kettel Thomsen ने अपनी टीम के साथ आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने के बाद बताया कि एक वर्ष में तीन स्टेशन बन चुके हैं और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर हमारी टीम पूरी तरह संतुष्ट है। टीम ने UP मेट्रो रेल कारपोरेशन (UPMRC) के प्रबंध निदेशक कुमार केशव से कहा कि ताजमहल के शहर आगरा में मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए निवेश करने में EIB गौरवान्वित महसूस करता है। इसी तरह का निवेश EIB उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों में भी करने को तैयार है।
EIB के उपाध्यक्ष Christian Kettel Thomsen ने सबसे पहले फतेहाबाद रोड पर निर्माणाधीन 3 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर का निरीक्षण किया। एक प्रश्न के उत्तर में Thomsen ने बताया कि एक साल इस प्रोजेक्ट में हुए ढांचागत कार्यों को देखकर ख़ुशी महसूस हुई है। उन्होंने PAC मैदान में आकार ले रहे मेट्रो डिपो, और आगरा फोर्ट पर होने वाले कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आगरा विश्व भर में ताजमहल के कारण प्रसिद्ध है। यहाँ मेट्रो में निवेश से विदेशी पर्यटकों को बहुत सुविधाएँ मिलेंगी। यूरोपियन पर्यटक आसानी से ताज का दीदार कर सकेंगे। इस प्रोजेक्ट से शहर के निवासियों को भी काफी लाभ मिलेगा। इसके अलावा वैश्विक जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने में भी मेट्रो से मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि आगरा मेट्रो EIB की छठवीं ऐसी परियोजना है। गोरखपुर में भी जल्दी ही लाइट मेट्रो चलाने के लिए निवेश किया जाएगा। EIB ने आगरा मेट्रो के लिए 450 मिलियन यूरो अर्थात 3860 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इससे पहले कानपुर मेट्रो के लिए 650 मिलियन यूरो अर्थात 5661 करोड़ रुपये, 2016 में लखनऊ के लिए 450 मिलियन यूरो का निवेश किया था। EIB बंगलुरु मेट्रो के लिए 400 मिलियन, भोपाल मेट्रो के लिए 400 मिलियन और पुणे मेट्रो के लिए 600 मिलियन यूरो का निवेश कर चुका है।
Thomsen का कहना था कि बैंक भारत में 3 बिलियन यूरो का निवेश करेगा। इसमें से 2 बिलियन यूरो की परियोजनाओं पर हस्ताक्षर भी हो चुके हैं लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है।
सामाजिक कार्यकर्ता विजय उपाध्याय ने बताया कि आगरा पर्यटन हब है। मेट्रो के पूर्व आगरा में पर्यटकों के लिए बहुत सारी अन्य सुविधाएं देने की जरूरत है। उपाध्याय का कहना था कि मेट्रो से पहले यमुना एक्शन प्लान का पूरा होना बहुत ज़रूरी है। ताजमहल के ऊपर से जब यमुना नदी की ओर नजर दौड़ाई जाए तो उसमें बह रही गंदगी को देख कर आँखें बाद कर लेने का मन करता है। जितना खूबसूरत ताजमहल है उतना ही खूबसूरत आगरा शहर भी होना चाहिए।

