ब्रज क्षेत्र के समस्त जिलों के धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर्स (Loudspeakers) की वजह से हलचल सी मची हुई है। शासन के आदेशानुसार जिला प्रशासन और पुलिस ने तेजी दिखाते हुए समस्त धार्मिक स्थलों में कड़ी चेकिंग करते हुए ब्रज के आठ जिलों से लगभग 756 धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर्स (Loudspeakers) हटाए गए हैं तथा 1945 की ध्वनि कम की गई है।
एक वरिष्ठ मंडलीय अधिकारी ने बताया कि उच्च न्यायालय के पहले से ही आदेश थे कि कितनी मानक पर लाउडस्पीकर्स (Loudspeakers) की आवाज होनी चाहिए, लेकिन इसकी बावजूद भी मनमानी चल रही थी। परन्तु जैसे ही दूसरी बार उत्तर प्रदेश में पुनः योगी सरकार बनी वैसे ही कानून का पालन न करने वालों पर कड़ाई शुरू हो गयी।
देखते ही देखते धार्मिक स्थलों के केयरटेकरों ने स्वयं ही लाउडस्पीकरों (Loudspeakers) को कानून के तहत पालन करने का मन बना लिया और एक ही दिन में आगरा ज़ोन के जिलों से 756 लाउडस्पीकर उतर गए, जो धार्मिक स्थलों पर गैर कानूनी तरीके से लगे थे और उनसे जनता को दुःख पहुँच रहा था।
ब्रज क्षेत्र में आगरा, मथुरा, फ़िरोज़ाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, हाथरस, और कासगंज जिले आते हैं। विगत दिवस आगरा ज़ोन के ADG राजीव कृष्ण ने इस प्रकरण पर इन 8 जिलों के पुलिस कप्तानों को निर्देश देते हुए कानून एवं प्रदेश सरकार के आदेश का पालन कराने के निर्देश देते हुए जनता से भी अपील की है कि कानून और शासनादेश का पालन करें।
ADG राजीव कृष्ण ने बताया कि ज़ोन के प्रत्येक जिले के कप्तान को निर्देश दिए गए हैं कि धार्मिक गुरुओं के साथ बैठक करते हुए शासन की गाइडलाइनों का पालन करने के लिए उनसे अपील करें।
आश्चर्यजनक रूप से इस मुद्दे पर ज़ोन के किसी भी जिले में किसी भी तरह का कोई विवाद देखने को नहीं मिला। लोगों ने स्वयं ही आदेश का पालन करने का मन बना लिया है।
ADG राजीव कृष्ण ने बताया कि 1945 लाउडस्पीकर्स (Loudspeakers) की ध्वनि 45 डेसीबल सेट कराइ गई है। अगर कहीं इससे अधिक ध्वनि का स्तर पाया गया तो वह अवैध होगा और वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। ADG ने बताया कि यह आदेश केवल धार्मिक स्थलों के लिए नहीं है, बल्कि यह नियम शादी समारोह और अन्य पार्टीज के लिए भी है। DJ की आवाज निर्धारित मानक से अधिक नहीं होनी चाहिए। शहर में बड़ी संख्या में “रूफटॉप” रेस्टोरेंट संचालित हो रहे हैं। शिकायतें मिल रही हैं कि इन स्थानों पर भी देर रात तक DJ बजाये जाते हैं। लोगों को इससे बड़ी परेशानी हो रही है। अब ऐसी जगहों पर भी कानूनी कार्यवाही की जायेगी। शादी के बैंड भी अब निर्धारित मानक के अनुरूप ही बजाये जाएंगे। रात्रि 10 बजे के बाद DJ नहीं बजाये जायेंगे। अगर बजता हुआ पाया गया तो DJ स्वामी और आयोजक, दोनों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
| जिला | लाउडस्पीकर उतरे | ध्वनि कम कराई |
|---|---|---|
| आगरा | 81 | 348 |
| मथुरा | 131 | 280 |
| फ़िरोज़ाबाद | 32 | 171 |
| मैनपुरी | 32 | 134 |
| अलीगढ़ | 61 | 498 |
| एटा | 222 | 147 |
| हाथरस | 54 | 122 |
| कासगंज | 143 | 245 |
| कुल | 756 | 1945 |
हिंदुस्तानी बिरादरी के उपाध्यक्ष विशाल शर्मा का कहना था कि यह काम केवल पुलिस पर ही न छोड़ें। सामाजिक संस्थाओं के लोग भी पुलिस के साथ रहे ताकि कोई भी अप्रिय स्थित पैदा न हो।

