प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को विभिन्न प्रकारों के किसान क्रेडिट कार्ड के द्वारा लाभांवित करने हेतु महत्त्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, भारत सरकार के द्वारा 24 अप्रैल से 1 मई तक “किसान मागीदारी प्राथमिकता हमारी“ राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जायेगा। इस सम्बंध में 24.04.2022 को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्र स्तर पर वर्चुअल ग्रामसभा स्तरीय बैठक का आयोजन होगा।
मुख्य विकास अधिकारी (CDO Agra) ए0 मनिकन्डन की अध्यक्षता में ‘किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी’ अभियान को सफल बनाने हेतु बैठक आहूत की गयी, जिसके अंतर्गत दिनांक 24.04 2022 से 01.05.2022 तक सघन अभियान के तहत विकास खण्ड स्तर, शाखा स्तर तथा ग्राम पंचायत स्तर पर के.सी.सी. ऋण शिविर का आयोजन किया जाना है। इस आयोजन के अंतर्गत जनपद आगरा के अंदर के.सी.सी से वंचित समस्त किसानों को संतुष्ट किया जाना इस अभियान की प्राथमिकता है।
उक्त अभियान के सम्बन्ध में अग्रणी जिला प्रबंधक सुरेश राम, केनरा बैंक एवं जिला विकास प्रबन्धक नाबार्ड विशाल आनंद ने जानकारी दी कि इस अभियान के द्वारा भारत सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग देश में सभी किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड से संतृप्त करने का लक्ष्य रखा गया हैं। इसके साथ ही पशुपालक एवं मत्स्य पालक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से संतृप्त किया जायेगा।
इस महत्वपूर्ण अभियान के अंतर्गत वित्तीय साक्षरता अभियान के द्वारा बैंक बी.सी. मंत्री एवं बैंक बी.सी/सी.एस.पी के माध्यम से किसान परिवार को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे-प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में शत-प्रतिशत नामांकन कराने हेतु शिविर के अंतर्गत लाभांवित किया जायेगा।
उपरोक्त विषयक खण्ड स्तर अधिकारी/कर्मचारी, ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान एवं भूलेख विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित होगें, जिससे किसानों को त्वरित भू-अभिलेख उपलब्ध कराकर बैंकों द्वारा त्वरित सैद्धांतिक ऋण मंजूरी प्रदान किए जाने की व्यवस्था होगी। किसानों को त्वरित उपयोग हेतु साधारण के.सी.सी आवेदन पत्र खण्ड स्तर/ग्राम पंचायत स्तर पर कृषि विभाग/खण्ड विकास कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे किसानों को ऋण आवेदन भरने में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
यह कार्यक्रम पूरे सप्ताह सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया जायेगा, जिसमें सभी ऐसे किसान जिन्होंने अभी तक के.सी.सी (किसान क्रेडिट कार्ड) नही बनवाया है, वो अपने जमीन के दस्तावेज के0वाई0सी0 के साथ किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर सकते है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO Agra) ने सभी सम्बन्धित विभागों को इस विशेष अभियान को सफल बनाने हेतु दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 वासुदेव सिंह तोमर, लीड बैंक कार्यालय के प्रबंधक राज कुमार एवं समस्त बैंकों के जिला-समंव्यक एवं समस्त ब्लॉक के पशु चिकित्साधिकारी भी उपस्थित रहे।

