
लगभग तीन महीनों की शान्ति के बाद एक बार फिर कोरोना के नए मामलों ने डराना शुरू कर दिया है। दिल्ली और नोयडा (Noida) में तेजी से बढ़ते कोरोना के केस चौथी लहर के आने की संभावना प्रबल कर रहे हैं।
कोरोना वायरस के नए मामलों को देखते हुए नोएडा-दिल्ली से आगरा आने वाले लोग हाई रिस्क वर्ग में रखे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग इनकी स्क्रीनिंग कर संदिग्ध लोगों के नमूनों की जांच कराएगा। रैपिड रिस्पांस टीम को भी अलर्ट कर दिया है। कोरोना वायरस के लक्षण प्रतीत होने पर मरीज स्वयं भी नियंत्रण कक्ष में जानकारी दे सकते हैं।
यूपी में गाजियाबाद और नोएडा कोरोना के नए हॉट स्पॉट बन कर उभरे हैं। इन जिलों से आगरा में लोगों की बेरोकटोक आवाजाही है। अधिकतर लोग निजी वाहनों से आते हैं। इनकी जांच व स्क्रीनिंग नहीं हो पा रही। सीएमओ ने बताया कि रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर स्क्रीनिंग की जा रही है, परंतु सड़क मार्ग से आने वालों की स्क्रीनिंग नहीं होने से खतरा बढ़ने की आशंका है।
मुख्य चिकित्साधिकारी आगरा डॉ0 अरुण श्रीवास्तव के अनुसार नोयडा (Noida) में कोरोना के नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र और दिल्ली में भी कोरोना तेजी पकड़ रहा है। ऐसे में दिल्ली, मुंबई, नोएडा (Noida) समेत अन्य मेट्रो शहरों से यात्रा करके लौटने वाले लोगों की विशेष निगरानी की जा रही है। इनकी स्क्रीनिंग कर नमूने लिए जाएंगे, जांच कराई जाएगी। इनका विवरण भी दर्ज किया जाएगा। इनको बाद में भी बुखार, खांसी, गले में खराश, छाती में जकड़न, सांस लेने में परेशानी समेत अन्य कोई लक्षण होने पर नियंत्रण कक्ष का नंबर: 0562-2600508, 2600412, 9458569043 पर जानकारी दे सकते हैं।
बता दें आगरा में 15 दिनों में फिर कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका स्वास्थ्य विभाग ने जताई है। हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र सहित पांच राज्यों से आ रहे यात्रियों को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। सीएमओ का कहना है कि इस बार डायरिया के रूप में कोरोना असर दिखा सकता है। ताजनगरी में करीब 15 दिन बाद शुक्रवार को एक नया मरीज मिला है। ताजनगरी निवासी महिला नोएडा (Noida) में संक्रमित मिली है। वहीं, उसका इलाज हो रहा है। शनिवार तक जिले में दो कोरोना सक्रिय मरीज हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार कोरोना और लू के लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। उल्टी, दस्त और सिर चकराना। डायरिया के रूप में कोरोना हो सकता है।


