आगरा के हस्तशिल्प उद्योग से जुड़े उद्यमियों और होटलों के अधिकारी यह सुनकर बेहद खुश हैं कि 632 दिन बाद 15 दिसंबर से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें चालू करने का फैसला केंद्र सरकार करने जा रही है। दो साल से उन एम्पोरियमों और 5 सितारा होटलों के गेटों पर ताला लगा हुआ था। अब शायद इनका स्टाफ और स्वामी की तमन्नाएं पूरी हो जाएँ।
आगरा टूरिज्म गिल्ड के पूर्व अध्यक्ष अरुण डंग ने बताया कि 15 दिसंबर से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें खोलने से विदेशी पर्यटक अब भारत आना शुरू हो जाएंगे। उड़ानें खोलने का केंद्र सरकार का यह बड़ा फैसला है। डंग ने कहा कि सरकार ने पिछले वर्ष 2020 के मार्च माह में 22 तारीख से कोरोना महामारी की वजह से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर पाबंदी लगाई थी।
अब उन देशों की हवाई यात्रा की जा सकती है जहाँ कोरोना की स्थिति नियंत्रण में है। फिर भी चीन और इंग्लॅण्ड समेत 14 देशों की यात्रा पर अभी प्रतिबन्ध रहेगा। इसके अलावा अफ्रीकी देशों, खासकर दक्षिण अफ्रीका से आने वाले पर्यटकों को भी ख़ास जांच से गुज़ारना पड़ेगा। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस का नया और अत्यधिक संक्रामक वैरिएंट पाया गया है जिसके बाद विश्व के कई देशों ने अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों को अनुमति न देने का फैसला किया है।
आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैम्बर के सचिव विशाल शर्मा का कहना था कि कोरोना के नए वैरिएंट के मद्देनजर सरकार ने यह फैसला लिया है, हालांकि सरकार ने जिन 14 देशों के हवाई सफर पर पाबंदी लगाई है उनमें से कई देशों के साथ एयर बबल एग्रीमेंट के तहत हवाई सेवा जारी है। वर्तमान में भारत का अमरीका, इंग्लॅण्ड, संयुक्त अरब अमीरात समेत 31 देशों के साथ एयर बबल एग्रीमेंट है।
इसी सन्दर्भ में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े आमिर कुरैशी ने बताया कि नियमित अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो जाने से आगरा का पर्यटन व्यवसाय फिर से उड़ान भरने लगेगा, हालांकि कोरोना का ख़तरा अब भी मंडरा रहा है इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।

