आगरा मंडल में अपराध की घटनाओं पर रोक लगती हुई दिखाई नहीं दे रही है। हालांकि ADG राजीव कृष्ण और IG रेंज बराबर प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं की दोषी पुलिस से बचने न पाएं और निर्दोष फंसने न पाए, फिर भी विगत दिवस मथुरा (कोसीकलां) के इलाके में पिता के अंतिम संस्कार के बाद ब्रह्म भोज की रस्म पूरी नहीं हो पाई थी कि दरिंदों ने दरोगा भर्ती परीक्षा देकर आगरा से घर वापस आ रही बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया। हालांकि मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। बाक़ी की तीव्रता से तलाश जारी है। बताते चलें पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित नवयुवती के पिता कुछ रोज पहले एक सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए थे। उपचार के दौरान एक सप्ताह पूर्व उनकी मौत हो गयी। मूल रूप से कानपूर का रहने वाला परिवार नौकरी के उद्देश्य से कोसीकलां (मथुरा) में ही निवास करने लगे। लगभग 8 – 10 लाख रुपये पिता के इलाज में खर्च हुए थे।
पीड़िता के परिवार के एक व्यक्ति ने बताया कि नवयुवती की नौकरी लग जाती तो पालन अच्छा हो जाता। इस उद्देश्य को लेकर वह नवयुवती दरोगा भर्ती हेतु आगरा परीक्षा देकर वापस मथुरा जा रही थी लेकिन मार्ग में कई लोगों ने उसको दबोच कर दुष्कर्म किया। बुरी स्थिति में जब वह घर आई तो परिवार में कोहराम मच गया।

युवती के परिवार के लोगों ने बताया कि हालांकि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है लेकिन जब तक सभी आरोपियों को सजा नहीं मिल जाती तब तक हमारे घाव नहीं भरेंगे।
सूत्रों ने बताया कि युवती शाम 6 बजे आगरा से कोसीकलां आने के लिए वाहन का इन्तजार कर रही थी, तभी एक कार आकर रुकी। इसमें लड़की के एक परिचित के साथ 3-4 युवक और बैठे थे। लड़की उसमें बैठ गयी। हाईवे पर कार सवार युवकों ने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट भी शुरू कर दी। बाद में बारी – बारी से सभी युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद लड़की को कार से धक्का देकर नीचे उतार दिया। कार सवार युवकों ने महुवन टोल प्लाजा के पास इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मुकदमा कायम करने के बाद लड़की का डॉक्टरी मुआइना कराया है साथ ही बयान भी दर्ज किये हैं।
मानवाधिकार आयोग ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मथुरा SSP को पूरे प्रकरण की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी के कराने के बाद 24 घंटे में जांच रिपोर्ट प्रेषित करने को कहा है। मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष बालकृष्ण नारायण ने तल्ख़ टिप्पणी करते हुए इस घटना को मानवाधिकार हनन का प्रत्यक्ष उदाहरण बताया है।
मथुरा SSP डॉ0 ग्रोवर ने पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी छाता ( मथुरा ) वरुण कुमार सिंह को दी है। बताया जाता है कि मुख्य आरोपी तेजवीर भी गिरफ्तार कर लिया गया है और जिस कार में दुष्कर्म हुआ उसको भी बरामद कर लिया है। बाकी आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

