, ,

PubG ने मथुरा में ली दो की जान

नवयुवकों में PubG मोबाइल गेम का चलन इस गेम पर सरकार द्वारा पाबंदी लगाए जाने के बावजूद कम नहीं हो रहा है। PubG – Freefire और इस तरह के कई अन्य मोबाईल पर चलने वाले खेलों के कारण कई नौजवान मौत के घाट उतर गए हैं लेकिन इस प्रकार के खेलों का चलन बढ़ता ही जा रहा है।

विगत दिवस मथुरा जिले में दो मित्र PubG या फिर इसी तरह का कोई और मोबाइल गेम खेलते में मशगूल थे और गेम खेलते हुए ही रेलवे लाइन पर चले गए। इयरफोन लगे होने के कारण उन्हें आती हुई ट्रेन की आवाज नहीं सुनाई दी और दोनों ट्रैन की चपेट में आकर काल के गाल में समा गए।

यमुना पार पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टेम के लिए भेजा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कपिल (18) और गौरव (17) प्रातः टहलने के लिए घर से निकले। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले दोनों दोस्त घर से केवल 500 मीटर दूर मथुरा – कासगंज रेलवे ट्रैक पर पहुँच गए। दोनों मित्र कानों में इयरफोन लगाकर PubG खेलने लगे। इस बीच ट्रैक पर गुज़र रही ट्रैन का हॉर्न नहीं सुन पाए और दोनों ट्रेन कोई चपेट में आ गए और मौके पर ही दोनों की मौत हो गयी।

स्थानीय निवासियों ने शवों को देखकर स्थानीय पुलिस को सूचित किया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दोनों मित्र मोबाइल पर गेम खेल रहे थे और उनके कानों में इयरफोन लगा था। SHO शशि प्रकाश ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आकर एक लड़के का मोबाइल टूट गया जबकि दूसरे लड़के के मोबाइल में PubG चलता हुआ मिला।