उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी सियासी दलों में बेचैनी व्याप्त दिखाई दे रही है। समाजवादी पार्टी से टूटकर बनी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव इन दिनों प्रदेश भर में अपनी पार्टी के लिए जमीन तैयार करने में लगे हैं।
वृन्दावन में 101 शंखों की ध्वनि के साथ उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए सामजिक परिवर्तन रथ यात्रा शुरू करते हुए शिवपाल ने कहा कि अगर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करना है तो सभी दलों को एक साथ आना होगा। योगी / मोदी सरकारों पर आरोप लगाते हुए शिवपाल ने कहा कि इनकी सरकारें नौजवानों और किसानों का उत्पीड़न कर रही हैं। लखीमपुर खीरी प्रकरण पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री मिश्रा को ही नहीं बल्कि गृह मंत्री अमित शाह को भी इस्तीफ़ा देना चाहिए।
सोनिया गाँधी और प्रियंका गाँधी के सलाहकार आचार्य प्रमोद कृष्णम ने इस अवसर पर शिवपाल को गदा भेंट करते हुए उनके प्रयत्न की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। एक प्रश्न के उत्तर में शिवपाल ने कहा कि सामान विचारधारा के लोगों एवं सेक्युलर दलों से मेरी स्पष्ट अपील है कि वे सत्ता परिवर्तन हेतु साथ मिलकर सहयोग करें। योगी सरकार की गलत नीतियों के कारन वर्तमान में किसान, नौजवान और व्यापारी वर्ग बहुत परेशान दिखाई दे रहा है।
आचार्य प्रमोद का कहना था कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उनका कहना था कि जहाँ तक गठबंधन का सवाल है, जिन दो दलों पर इसकी जिम्मेदारी थी, उनमें से मायावती तो खुद जाकर भाजपा की गॉड में बैठ गई हैं और अखिलेश यादव ज़मीन पर कहीं नज़र नहीं आते। ज़मीन पर केवल राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी ही दिखाई दे रहे हैं। वैसे अब सत्ता परिवर्तन का नारा देते हुए शिवपाल यादव ने सामजिक परिवर्तन रथ यात्रा की शुरुआत की है, इसका नतीजा अच्छा निकलेगा।

