
करीब दो महीने बाद केंद्र सरकार की ओर से संरक्षित ताजमहल (Taj Mahal) सहित देश की सभी ऐतिहासिक धरोहरों और म्यूजियम को आज से लोगों के लिए खोल दिया गया है। बता दें, दो महीने पहले कोविड महामारी की दूसरी लहर के दौरान बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इन पुरातात्विक स्थलों को बंद कर दिया था। भारत में हाल में कोविड के मामलों की संख्या में आई गिरावट के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने इन्हें फिर से खोलने का निर्णय लिया है।
All Centrally-protected monuments, sites, and museums in the country under the Archaeological Survey of India, ASI, reopened today.
.@ASIGoI informs that the decision had been made in light of the current scenario. pic.twitter.com/hqzWlh7jC2
— Prasar Bharati News Services पी.बी.एन.एस. (@PBNS_India) June 16, 2021
पूरे देश से 3,693 स्मारक और 50 संग्रहालय शामिल
इनमें स्मारकों में पूरे देश से 3,693 स्मारक और 50 संग्रहालय शामिल हैं। आगंतुकों के प्रवेश के लिए ऑनलाइन टिकट का प्रावधान किया गया है। एएसआई के आदेश के अनुसार, स्मारकों को राज्य, जिला या आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी किए गए कार्यकारी आदेशों का कड़ाई से पालन करते हुए खोला गया। आदेश में कहा गया था कि आगंतुकों की भीड़ को नियंत्रित करते समय केंद्र और राज्य सरकारों, मंत्रालयों और विभागों द्वारा जारी उचित दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का गंभीरता से पालन करना होगा।
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रह्लाद पटेल ने ट्वीट कर दी थी जानकारी
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रह्लाद पटेल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था,”संस्कृति मंत्रालय और एएसआई के सभी स्मारकों को 16 जून 2021 से विधिवत खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई है। पर्यटक कोरोना नियमों का पालन करते हुए स्मारकों का भ्रमण कर सकते हैं। सभी को शुभकामनाएं।” बता दें, एएसआई ने 15 अप्रैल को जारी किए गए एक आदेश के जरिए इन स्मारकों को 31 मई तक के लिए बंद कर दिया था।
आज @MinOfCultureGoI ने @ASIGoI के सभी स्मारकों को 16 जून 2021 से विधिवत खोलने की स्वीकृति प्रदान की है ।पर्यटक कोरोना नियमों का पालन करते हुए स्मारकों का भ्रमण कर सकते हैं ।सभी को शुभकामनाएँ @PMOIndia @JPNadda @incredibleindia @tourismgoi @NMANEWDELHI @ngma_delhi @NMIHACM pic.twitter.com/zJYAXTfNE7
— Prahlad Singh Patel (@prahladspatel) June 14, 2021
पिछले साल भी इन्हें किया गया था बंद
इस वर्ष की तरह पिछले साल भी कोविड-19 महामारी के कारण एएसआई के सभी स्मारकों और स्थलों को 17 मार्च से बंद कर दिया गया था। इन स्मारकों को आगंतुकों की संख्या सीमित रखकर, सामाजिक दूरी का पालन कर और मास्क पहनना अनिवार्य कर जुलाई में फिर से खोला गया था। इस वर्ष एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए जनता के लिए इन स्मारकों को बंद कर दिया गया था।
कोविड के मामलों में दर्ज की गई गिरावट को देखते हुए लिया गया फैसला
पिछले एक सप्ताह से भारत में कोविड के मामलों में कमी आई है। आज सुबह 8 बजे तक के आंकडों के अनुसार भारत में कोविड-19 के सक्रिय मामले घटकर 8,65,432 हो गए हैं। बता दें, सक्रिय मामलों की संख्या 70 दिनों के बाद नौ लाख से कम हुई है। देश में अब तक कुल 2,83,88,100 लोग कोविड-19 से स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही 1 लाख से ज्यादा लोग कोविड-19 से स्वस्थ हुए हैं। लगातार 34वें दिन बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या दैनिक नए मामलों की संख्या से ज्यादा रही। रिकवरी रेट अब बढ़कर 95.80 प्रतिशत हो गया है जो भारत के लिए एक अच्छी खबर है।

