शहरवासियों को आगामी दो दिनों तक गंभीर जलसंकट का सामना करना पड़ेगा। बिजलीघर चौराहे पर शिवाजी मार्केट के सामने मुख्य पेयजल पाइपलाइन को शिफ्ट करने के लिए जलकल विभाग बुधवार से विशेष कार्य शुरू कर रहा है। इस कार्य के चलते 9 और 10 जुलाई को शहर के लगभग दो-तिहाई हिस्से में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। विभाग के अनुसार, जीवनी मंडी और सिकंदरा वाटरवर्क्स से जुड़े आठ लाख से अधिक उपभोक्ता इस शटडाउन से प्रभावित होंगे।
जलकल विभाग ने नागरिकों से बुधवार को होने वाली नियमित जलापूर्ति के दौरान अगले दो दिनों की आवश्यकता के अनुसार पानी का पर्याप्त भंडारण करने की अपील की है।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि छत्ता जोन के अंतर्गत बिजलीघर चौराहे पर शिवाजी मार्केट के सामने मुख्य पाइपलाइन को स्थानांतरित किया जा रहा है। वर्तमान में यह पाइपलाइन नाले के भीतर से होकर गुजरती है, जिससे उसमें कचरा और सिल्ट जमा हो जाती है। इसके कारण जलनिकासी बाधित होने के साथ-साथ क्षेत्र में जलभराव की समस्या भी बनी रहती है।
इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए पाइपलाइन को नाले से हटाकर ऊपर से बाईपास मार्ग के जरिए डाला जा रहा है। इस तकनीकी कार्य के कारण 9 जुलाई (गुरुवार) और 10 जुलाई (शुक्रवार) को सुबह और शाम दोनों समय जलापूर्ति बंद रहेगी।
जलापूर्ति बंद रहने से शहर के अनेक प्रमुख इलाके प्रभावित होंगे। इनमें रकाबगंज, बालूगंज, छीपीटोला, नौलक्खा, ताजगंज, गोबरचौकी, फतेहाबाद रोड, ताजनगरी, बसई, चक्कीपाट, काजीपाड़ा, मंटोला, कालामहल, कोतवाली, दरेसी, रावतपाड़ा, बेलनगंज, छत्ता, शाहगंज क्षेत्र का अलबतिया रोड, सुभाष नगर, बालाजीपुरम, दयालबाग, सिकंदरा, आवास विकास कॉलोनी, जगदीशपुरा, किशोरपुरा, भीमनगर, बोदला, मारुति एस्टेट, अवधपुरी, पश्चिमपुरी, शास्त्रीपुरम, राजपुर चुंगी, शमशाबाद रोड तथा ट्रांस यमुना कॉलोनी सहित कई अन्य इलाके शामिल हैं।
जलकल विभाग ने आपात स्थिति में पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- टोल फ्री: 1800-2702722
- कंट्रोल रूम: 8192095401
- अभियंता राजीव कुमार: 8192095734
इधर, शहर में जल संरक्षण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से यमुनापार क्षेत्र को जाने वाली पाइपलाइन जवाहर पुल के नीचे लीक होने से प्रतिदिन लाखों लीटर गंगाजल यमुना की तलहटी में व्यर्थ बह रहा है।
स्थानीय निवासी प्रशांत शर्मा का कहना है कि पिछले लगभग एक महीने से ट्रांस यमुना कॉलोनी और प्रकाश नगर क्षेत्र में पानी का दबाव बेहद कम है। उनका कहना है कि जब दो दिनों का शटडाउन पहले से प्रस्तावित है, तब जलकल विभाग को इसी दौरान लीक पाइपलाइन की मरम्मत भी कर देनी चाहिए, ताकि लंबे समय से चली आ रही लो-प्रेशर की समस्या का समाधान हो सके।
जलकल विभाग के अनुसार, बिजलीघर के बाद काजीपाड़ा क्षेत्र में भी पाइपलाइन शिफ्ट करने की योजना है। हालांकि शहर के कई अन्य इलाकों—जिनमें बेलनगंज, आवास विकास कॉलोनी, अशोक नगर, बोदला, अलबतिया रोड, रामनगर, जगदीशपुरा, पश्चिमपुरी और लोहामंडी शामिल हैं—की पेयजल पाइपलाइनें आज भी नालों के भीतर से होकर गुजर रही हैं।
स्थानीय पार्षद राकेश जैन का कहना है कि इन बड़ी पाइपलाइनों के कारण नालों में कचरा फंस जाता है, जिससे जलनिकासी प्रभावित होती है और कई बार पेयजल में गंदे पानी के मिलने की शिकायतें भी सामने आती हैं। उन्होंने मांग की है कि लंगड़े की चौकी की तर्ज पर इन क्षेत्रों की पाइपलाइनें भी जल्द नालों से बाहर शिफ्ट की जाएं, ताकि भविष्य में जलभराव और दूषित जलापूर्ति जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।


