भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के आगरा सर्कल में एक महत्त्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव हुआ है। आगरा सर्कल के वर्तमान अधीक्षक पुरातत्वविद्, डॉ. राज कुमार पटेल का स्थानांतरण दिल्ली सर्कल में कर दिया गया है। डॉ. पटेल ने आगरा में अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्त्वपूर्ण पुरातात्विक स्थलों के संरक्षण, विकास और दिशा-निर्देशन में प्रमुख भूमिका निभाई।
डॉ. राज कुमार पटेल का कार्यकाल गाइड लाइसेंस से संबंधित मामलों के कारण कई बार चर्चा में भी रहा। इन मुद्दों पर स्थानीय गाइड समुदाय और एएसआई के बीच मतभेद की स्थितियां बनीं, किंतु इसके बावजूद उन्होंने संवाद और समाधान की प्रक्रिया को बनाए रखने का प्रयास किया।
आगरा के लाखों पाठकों तक अपना व्यापार पहुँचाएं — कम बजट में बड़ा असर!
📲 WhatsApp पर विज्ञापन बुक करेंउनके स्थान पर अब हैदराबाद सर्कल से आदरणीय स्मिता एस कुमार को अधीक्षक पुरातत्वविद् के रूप में आगरा सर्कल भेजा गया है। स्मिता एस कुमार का पुरातत्व संरक्षण, प्रशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में उल्लेखनीय अनुभव रहा है, और उनके आगरा सर्कल में आगमन से स्थानीय पर्यटन उद्योग एवं विरासत संरक्षण को नई दिशा मिलने की संभावना है।
आगरा पर्यटन से जुड़े संगठनों और गाइड समुदाय ने डॉ. राज कुमार पटेल को उनकी नई नियुक्ति के लिए शुभकामनाएं दी हैं और स्मिता एस कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया है।
आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर के अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल ने इस मौके पर कहा, “हम डॉ. राज कुमार पटेल को उनके योगदान के लिए धन्यवाद देते हैं और स्मिता एस कुमार के साथ सहयोगपूर्ण संबंधों की आशा करते हैं। आगरा की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और पर्यटकों के अनुभव को समृद्ध बनाने की दिशा में हम उनके साथ मिलकर कार्य करना चाहते हैं।”
यह फेरबदल एक ऐसे समय में हुआ है जब आगरा में पर्यटन गतिविधियों को और अधिक संगठित तथा पर्यावरण-संवेदनशील बनाने की दिशा में कई योजनाएं प्रस्तावित हैं। ऐसे में स्मिता एस कुमार से स्थानीय समुदाय और प्रशासनिक हलकों को विशेष उम्मीदें हैं।
