शहर के नमक की मंडी स्थित मोती प्लाजा में एक चांदी कारोबारी के साथ 21.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कारोबारी विजय मोहन अग्रवाल की शिकायत पर कोतवाली थाने में आरोपी कारीगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
विजय मोहन अग्रवाल, जो चांदी की पायल का व्यापार करते हैं, ने अपनी शिकायत में बताया कि वे कच्चा चांदी का माल देकर कारीगरों से पायल तैयार कराते हैं। माईथान निवासी हेमंत सोनी पिछले काफी समय से उनके लिए यह काम कर रहा था। हेमंत नियमित रूप से माल लेकर पायल तैयार करके लौटाता था, लेकिन इस बार उसने धोखाधड़ी कर दी।
आगरा के लाखों पाठकों तक अपना व्यापार पहुँचाएं — कम बजट में बड़ा असर!
📲 WhatsApp पर विज्ञापन बुक करेंअगस्त से पहले, हेमंत सोनी ने विजय मोहन अग्रवाल से 42 किलोग्राम कच्चा चांदी का माल लिया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 21.50 लाख रुपये है। तय समय पर पायल तैयार करके वापस नहीं दी। जब विजय मोहन ने हेमंत से माल की वापसी की मांग की, तो वह बहाने बनाने लगा। कई बार अनुरोध और दबाव के बाद हेमंत ने लिखित में अपनी गलती स्वीकार की और समय मांगा, लेकिन फिर भी उसने चांदी लौटाने में टालमटोल की।
पीड़ित कारोबारी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बार-बार माल की मांग की, तो हेमंत सोनी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मामले को लेकर जब विजय मोहन अग्रवाल ने पुलिस से संपर्क किया, तो शुरुआत में उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने जनसुनवाई में डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय के समक्ष अपनी समस्या रखी। डीसीपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने हेमंत सोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपी कारीगर हेमंत सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। मामले की जांच की जा रही है, और पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि कारोबारी को जल्द ही न्याय मिले।
