बरहन के एक गाँव में घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गए दरोगा संदीप कुमार को सोमवार को मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में सोमवार को ग्रामीणों ने बरहन थाने का घेराव कर जमकर हंगामा भी किया। बरहन-एत्मादपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि एक सिपाही और दो पुलिस उपनिरीक्षकों ने आरोपी दरोगा को नहीं छोड़ने पर धमकाया था। उन पर भी कार्रवाई हो। कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
थाना बरहन में तैनात दरोगा संदीप कुमार रविवार रात 11 बजे एक घर में दीवार फांदकर घुस गया था। आरोप है कि उसने युवती से दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर लोग पहुंचे और उसे आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। दरोगा की ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर पिटाई की। सूचना पर थाने की फोर्स पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने दरोगा को नहीं छोड़ा। अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर एसपी एत्मादपुर सौरभ सिंह पहुंचे। तब ग्रामीण शांत हुए और दरोगा को पुलिस को सौंपा।
इधर मामले में सोमवार को बरहन थाने पर जमकर हंगामा हुआ। पूर्वाह्न 11 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और थाने का घेराव किया। दोपहर 2 बजे बरहन-एत्मादपुर मार्ग पर जाम भी लगा दिया। ठने में धरना दिया। 6 घंटे तक मौके पर प्रदर्शन होता रहा। शाम 5 बजे एसीपी के कार्रवाई के आश्वासन पर धरना-प्रदर्शन समाप्त हुआ। डीसीपी पश्चिमी जोन सोनम कुमार ने बताया कि आरोपी संदीप कुमार को निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच एसीपी एत्मादपुर से कराई जा रही है। 12 घंटे बाद मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि अधिकारियों कहना है कि तहरीर मिलते ही कार्रवाई की गई। पुलिस पीड़ित परिजन की तहरीर का इंतजार करती रही । सोमवार सुबह 10:30 बजे परिजन पीडिता को थाने लेकर पहुंचे, उन्होंने तहरीर दी। तब 11 बजे मुकदमा दर्ज किया गया। दोपहर महिला दरोगा ने पीडिता के बयान दर्ज किये। इसके बाद उसे मेडिकल के लिए भेजा गया।
भारतीय किसान यूनियन और सिस्टम सुधार संगठन के पदाधिकारी भी बरहन थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपी का सहयोग करने वाले तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ तहरीर दी। परिवार की सुरक्षा की मांग की। सिस्टम सुधार संगठन के अध्यक्ष अंशुमान ठाकुर, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश शर्मा पीडिता के घर भी पहुंचे। थाने पर उन्होंने आरोपी दरोगा संदीप कुमार के साथ गए सिपाही, दो दरोगा पंतजलि और अंकित कुमार पर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि दोनों दरोगा ने घटना को छिपाने की कोशिश की। ग्रामीणों को धमकाया।
युवती से दुष्कर्म में गिरफ्तार किए गए दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। निलंबन पहले ही किया जा चुका है। आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करा दी गई है। अभी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दरोगा संदीप कुमार बागपत का रहने वाला है। वह वर्ष 2021 में भर्ती हुआ था। एक साल से थाना बरहन में तैनात है। इससे पहले थाना एत्माददौला में तैनात रहा था। मामले में शासन ने रिपोर्ट तलब की है। इधर दरोगा संदीप कुमार की बांधकर पिटाई का वीडियो देशभर में वायरल हो रहा है। इस पर लगातार कमेन्ट भी किये जा रहे हैं।

