
लंबे समय से चली आ रही आगरा के पर्यटन उद्योग की माँग आख़िरकार पूरी होने की संभावना प्रबल हो गई है। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ कैबिनेट ने आगरा में प्रस्तावित सिविल एनक्लेव (Agra Airport) परियोजना को विस्तारित कर उसे नोएडा और अयोध्या की तर्ज पर अंतर्राष्ट्रीय श्रेणी में अपग्रेड किए जाने के प्रस्ताव को मंज़ूर कर लिया है।
मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 19 प्रस्ताव पेश हुए, जिनमें से 15 को मंज़ूर कर लिया गया। इनमें एक प्रस्ताव आगरा में बनने जा रहे सिविल एनक्लेव (Agra Airport) को अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में अपग्रेड करने का भी था जिसके मंज़ूर हो जाने के बाद आगरा में नवीन सिविल एनक्लेव के विकास का रास्ता साफ हो गया है। प्रस्ताव के तहत आगरा एयरपोर्ट के विकास हेतु अतिरिक्त प्रस्तावित भूमि 37.4336 हेक्टेयर (लगभग 92,50 एकड़) के क्रय हेतु कुल अनुमानित 1,23,59,27,574 रुपए (एक अरब 23 करोड़ 59 लाख 27 हज़ार पाँच सौ चौहत्तर रुपये) पर प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के साथ व्यय किए जाने का भी अनुमोदन कर दिया गया है।
साथ ही मंत्रिपरिषद ने परियोजना क्षेत्र में मौजूद विभिन्न शासकीय विभागों की परिसंपत्तियों – वृक्ष, सड़क, नहर, बिजली के खंभे, सब-स्टेशन, विद्यालय आदि के विस्थापन और नवनिर्माण से संबंधित कार्यों पर आने वाले ख़र्चों को संबंधित विभागों द्वारा अपने बजट से वहाँ किए जाने का भी निर्णय लिया है। इसके अलावा शासकीय विभाग अपनी भूमि एवं परिसंपत्तियाँ निःशुल्क रूप में नागरिक उड्डयन विभाग को स्थानांतरित करेंगे।
इस प्रस्ताव के पास हो जाने पर जो अतिरिक्त भूमि अधिग्रहित की जानी है, अब उसके लिए जल्द ही फंड जारी हो जाने की उम्मीद की जा रही है।
प्रस्तावित सिविल एनक्लेव (Agra Airport) की सीमा में तीन गाँव – धनौली, अभयपुरा और बल्हैरा आते हैं, जिनसे क़रीब 100 एकड़ जमीन ली जानी है। शासकीय भूमि के अलावा जो भी निजी भूमि अधिग्रहीत की जाएगी, उसका सर्किल रेट से चार गुणा मुआवजा किसानों को दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर देश भर में गति शक्ति मिशन शुरू किया गया है, जिसमें उन प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा किया जा रहा है, जो प्रधानमंत्री की प्राथमिकता में हैं। ऐसे में सालों से लटक रहे नवीन सिविल एनक्लेव (Agra Airport) को जल्द पूरा करने के लिए इस प्रोजेक्ट को गति शक्ति मिशन में लाया गया है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश सरकार को नवीन सिविल एनक्लेव के लिए जमीन खरीद कर देनी है, जिससे विकास के कार्य जल्द शुरू हो सकें।
आगरा एयरपोर्ट नवीन सिविल एनक्लेव के लिए 20.153 हेक्टेयर जमीन प्रोजेक्ट में दर्शाई गई है. जिसमें 30 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में सिविल टर्मिनल का भवन बनना है। इसके अलावा एयरपोर्ट अथॉरिटी ने 18 अगस्त 2023 को स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग का टेंडर भी कर दिया है। माना जा रहा है अगले 36 महीनों में सिविल टर्मिनल (Agra Airport) का काम परवान चढ़ जाएगा।
आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैम्बर के अध्यक्ष प्रह्लाद अग्रवाल के अनुसार 2014 में अखिलेश सरकार के रहते हुए यूपी सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी के बीच एग्रीमेंट हुआ था, लेकिन अनुमतियों के जंजाल में फँस कर यह प्रोजेक्ट लटकता ही चला गया। जनवरी 2023 में सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद यूपी सरकार ने अतिरिक्त भूमि के क्रय का प्रस्ताव भी मंजूर कर लिया है। उम्मीद है जल्द ही आगरा के पर्यटन उद्योग की यह दशकों पुरानी मांग पूरी हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि आगरा से अंतर्राष्ट्रीय उड़ान शुरू होने से पर्यटन और रोजगार के मौके बढ़ेंगे। 2021-22 में ताजमहल का दीदार करने के लिए 32.9 लाख घरेलू पर्यटक आगरा पहुंचे थे. अभी आगरा से लखनऊ, मुंबई और भोपाल समेत चार शहरों के लिए उड़ानें संचालित होती हैं, लेकिन सिविल एनक्लेव (Agra Airport) के बनने के बाद देश के अन्य बड़े शहरों से भी आगरा के लिये सीधी उड़ानें आने लगेंगीं।


