आगरा में आये दिन हो रही चोरी और राहजनी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए आगरा पुलिस ने कई दिनों से इन लुटेरों को दबोचने के लिए अभियान चलाया हुआ है। इस हफ्ते आगरा पुलिस ने रेकी कर सूने घरों को निशाना बनाने वाले और सूनसान रास्तों पर लूट करने वाली गैंग के 9 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकडे गए अपराधियों ने लूट और चोरी की कई वारदात कबूली हैं। उनके कब्जे से तीन चाकू, 32 हजार रुपये, सोने की 2 चेन, 4 अंगूठी, 6 टॉप्स, एक टीका, चांदी की 14 जोड़ी पायल, 16 सिक्के, 2 एलईडी टीवी, एक लैपटॉप, 4 घड़ी, 2 मोबाइल फोन के साथ अन्य सामान भी बरामद किया।
अपर पुलिस आयुक्त (नगर) सूरज राय कुमार ने बताया कि न्यू आगरा थाना पुलिस ने 5 बदमाश पकड़े हैं। इन बदमाशों ने क्षेत्र में 5 महीने में 9 वारदात को अंजाम दिया, जिसमें 8 चोरी व एक लूट की थी। न्यू आगरा थाने पर 2 जून को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह 2 जून को हॉस्पिटल से बेटी के साथ वापस अपने घर आ रही थी, तभी दीवानी के पास रास्ते में दो युवकों ने उसकी गाड़ी को रोक लिया और चेन छीनकर भगवान टॉकीज चौराहे की तरफ भाग गए।
इन बदमाशों ने इससे पहले और बाद में लगातार बंद रह रहे घरों को निशाना बनाया था। इनको पकड़ने के लिए पुलिस ने क्षेत्र में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर शनिवार को दयाल बाग रोड नगला हवेली से छत्ता के नगला पदमा निवासी नवल किशोर उर्फ गौरा, बोदला की लाल मस्जिद निवासी सोनू, एटा के थाना बकेवर निवासी सौरभ दिवाकर उर्फ छोटा, महेंद्र सिंह उर्फ बड़ा और दयाल बाग के नगला पदी निवासी दिनेश सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दिन में बाइकों से अलग-अलग कॉलोनियों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद सूरज छिपने के बाद सड़कों की रेकी करते थे। इस दौरान रास्ते में सूनसान इलाके में कोई महिला या युवक मिल जाता तो लूट कर लेते। दोनों बार रेकी करने पर जिस मकान का ताला बंद मिलता उसे निशाना बना लेते। चोरी करने के बाद किसी को शक ना हो इस वजह से अलग-अलग रास्तों से निकलते थे।
वहीं, हरीपर्वत थाना पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तेल भरे 2 टिन, 1 कूलर, तेल के 2 डिब्बे बरामद किये। हरीपर्वत थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि 11 अगस्त को विश्वविद्यालय के माली ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि चोर उसके घर का ताला तोड़कर घरेलू सामान समेटकर ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर शनिवार को सुलतानगंज पुलिया के पास से पीर कल्याणी निवासी अनुराग, आशु, शैंकी और अमित उर्फ गधा को गिरफ्तार कर लिया।

