आगरा में एतमादपुर के समीप यमुना एक्स्प्रेसवे पर दिल्ली के आनंद बिहार से यात्रियों को गोरखपुर जा रही निजी स्लीपर बस में सोमवार की सुबह अचानक आग लग गई। हादसा बस का प्रेशर पाइप फटने से हुआ बताया जा रहा है।
बस में सवार यात्रियों के अनुसार बस दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से चलकर यमुना एक्सप्रेसवे होती हुई एत्मादपुर के समीप पहुंची ही थी कि बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। चालाक ने बस को वहीँ रोक दिया और यात्रियों को बाहर निकलने को कहा। तभी बस के पिछले हिस्से से लपटें उठने लगीं। आग लगी देखकर यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में यात्री अपना अपना सामान लेकर बस से निकले। देखते ही देखते पूरी बस लपटों की चपेट में आ गई। छह दमकलों से कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशकत के बाद आग पर काबू पाया। बस की छत व डिक्की में रखा सामान जलकर राख हो गया।
गनीमत रही कि बस में बैठे सभी 45 यात्री सुरक्षित निकल आए। यात्रियों ने बताया कि बस की छत व डिक्की में रखी नई दो दर्जन साइकिलें, कपड़े व इलेक्ट्रॉनिक के समान जलकर राख हो गए। हादसे के बाद बस के दोनों चालक मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद बस कंडक्टर ने यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर रवाना किया।
इंस्पेक्टर एतमादपुर विजय विक्रम सिंह ने बताया कि बस में 45 लोग सवार थे। बासू ट्रेवल्स की स्लीपर बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी। बस में आग की घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं आग लगने से बस की छत व लगेज में रखा सामान जल गया है। सवारियों को सुरक्षित दूसरी बस से गोरखपुर रवाना कर दिया गया है।
बस में बैठी सवारियों रविंद्र कुमार निवासी बस्ती, कृष्ण कुमार, शिव कुमार देवी लाल निवासी सिद्धार्थ नगर गोरखपुर ने बताया कि बस को रात में 10 बजे आनंद बिहार से गोरखपुर के लिए चलना था, लेकिन बस में कुछ खराबी होने के कारण सुबह 4 बजे दिल्ली से चली थी। रास्ते में टप्पल टोल के बाद ही बस में दक्कत आने लगी थी। बस चालक 20 की स्पीड में बस को चला रहा था। कई बार बस चालक से बस रोककर ठीक करने की बात कही गई थी, लेकिन चालक ने नहीं सुना।
यमुना एक्स्प्रेसवे पर माइल स्टोन 164 पर बस में आग लगने से अफरातफरी मच गई थी। एक तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने यमुना एक्स्प्रेसवे पर झरना नाले के पास से बैरियर हटवाकर गाड़ियों को दूसरी तरफ से निकलवाया।

