, , ,

दुष्कर्म के आरोपी ने थाना एत्माद्दौला की हवालात में किया आत्महत्या का प्रयास, हालत गंभीर

Etmaduddaula police station

Etmaduddaula police stationकभी – कभी समाज की निगाह में गुनाहगार साबित हो जाना गुनाह की सज़ा से भी गंभीर चोट पहुँचाता है। शायद इसीलिए आगरा के थाना एत्माद्दौला (PS Etmaduddaula) की हवालात में सोमवार दोपहर को दुष्कर्म के एक आरोपी ने गद्दे के कपड़े से फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया। 

हालाँकि पुलिसकर्मियों ने उसको समय पर देख लिया और उतारकर समीप स्थित एक अस्पताल में भर्ती करा दिया, लेकिन उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोती महल निवासी युवक धर्मेश को उसी क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में सोमवार को पुलिस ने गिरफ़्तार किया था। कोर्ट में पेशी किए जाने से पहले उसको थाना एत्माद्दौला (PS Etmaduddaula) की हवालात में विभिन्न मामलों के अन्य अभियुक्तों के साथ में रखा गया था। दोपहर तक सभी अभियुक्तों के हवालात से चले जाने के बाद धर्मेश अकेला ही था, जब उसने हवालात में रखे गद्दे के कपड़े से एक फंदा तैयार किया और उसे दरवाज़े में बांधकर झूल गया।  

जब तक पुलिसकर्मियों की नज़र उसपर पड़ती तब तक उसका दम घुट चुका था। यह देखकर थाने में हड़कंप मच गया। उसे फंदे से उतारकर पुलिस कर्मी क्षेत्र में ही स्थित एक अस्पताल में लेकर आए, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि उसकी हालत गंभीर है। वह वेंटीलेटर पर है। घटना की जानकारी पर एसपी सिटी विकास कुमार भी मौके पर पहुंच गए।

यह पहला ऐसा वाकया नहीं है जब किसी दुष्कर्म के आरोपी ने हिरासत में आने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया हो। पिछले साल 30 जून को भी एत्मादपुर के निकट अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक विवाहित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी 25 वर्षीय योगेश कुमार ने जिला जेल में अपनी दो – मंजिला बैरक की छत के गेट से गमछे के सहारे लटक कर आत्महत्या कर ली थी।