बीती 14 अप्रैल को मथुरा जिले के गोवर्धन थाना क्षेत्र में आयोजित आंबेडकर जयंती समारोह से लापता चल रहे 9 वर्षीय बालक नितिन (Nitin) का शव आज एक कुँए में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। शव की हालत को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि बच्चे की ह्त्या करने के बाद ही उसको कुँए में फेंका गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार नितिन (Nitin) 14 अप्रैल को आम्बेडकर जयन्ती शोभायात्रा के दौरान अड़ींग स्थित अपने घर के बाहर से लापता हो गया था। उसके पिता वेद प्रकाश ने अपने बच्चे की गुमशुदगी की सूचना थाना गोवर्धन में दी थी जिसके बाद पुलिस की कई टीमें नितिन की तलाश में भेजी गयीं लेकिन उसकी कोई खोज-खबर नहीं लग सकी। रविवार 17 अप्रैल को स्थानीय निवासियों ने पुलिस चौकी का घेराव करके नितिन (Nitin) की बरामदगी न हो पाने पर अपना आक्रोश जताते हुए पुलिस पर लचर रवैय्या अपनाने का आरोप लगाया था।
सोमवार को नितिन (Nitin) का शव स्थानीय इंटर कॉलेज के समीप स्थित कुँए में मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और फ़ौरन पुलिस को खबर दी गई। अब पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि 9 वर्षीय बालक नितिन (Nitin) की हत्या किसने की और ह्त्या का क्या कारण रहा हो सकता है। नितिन की हत्या के बाद आसपास के इलाकों की जनता में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है और कुछ लोगों ने सड़क जाम करके पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया है।
गौरतलब है कि इसी दिन गोवर्धन थाने के समीप टंकी वाली गली से 7 वर्षीय बालिका नंदिनी (Nandini) भी घर से लापता हो गई थी। इसकी गुमशुदगी भी थाने में दर्ज है, लेकिन बालिका की बरामदगी नहीं हो सकी है। चाइल्ड हेल्पलाइन, ट्रैक मिसिंग चाइल्ड, एसओजी, स्वाट टीम, सर्विलांस टीम, क्राइम ब्रांच, सोशल मीडिया सेल और गोवर्धन पुलिस की टीमें बालिका की तलाश कर बरामदगी के प्रयास में जुटी हैं। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि नंदिनी (Nandini) की बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग लगाई गई हैं और उसकी सकुशल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

