कांग्रेस पार्टी और उसकी महासचिव श्रीमती प्रियंका गाँधी ने 2022 के विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए पूरा फोकस उत्तर प्रदेश पर लगा दिया है। प्रतिज्ञा यात्रा द्वारा लुभावने वायदे करते हुए प्रतिज्ञा की जा रही है कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो यात्रा के दौरान किये गए सभी वायदे पूरे करेगी।
आगरा में आज कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा पूर्व मंत्री और सांसद जफ़र अली नकवी के नेतृत्व में प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई। अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाज एवं ओलम्पियं बिजेंद्र सिंह ने मंदिर में पूजा अर्चना के बाद यात्रा में शिरकत की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री जफ़र अली नकवी ने ब्रज क्षेत्र की जनता से प्रतिज्ञा की कि अगर उत्तर प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता दी तो प्रदेश की जनता को जाती – धर्म से ऊपर उठकर भाजपा की लूट से मुक्ति दिलाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रियंका गाँधी जो वायदा पीड़ित जनता के उत्थान के लिए करती दिखाई देती हैं, वह वायदा अपनी दादी एवं दिवंगत पूर्व प्रधानमन्त्री स्व0 इंदिरा गाँधी की तरह निभाएंगी, क्योंकि कांग्रेस पार्टी जो वायदे करती है उन्हें अवश्य पूरा करती है, भाजपा की तरह झूठ नहीं बोलती। नकवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब पूरी तरह भाजपा का प्रदेश से खात्मा करने का मन बना चुकी है।
ओलम्पियन बॉक्सर बिजेंद्र सिंह ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुँच चुकी है। अगर उत्तर प्रदेश में जनता ने कांग्रेस की सरकार बनाई तो आगरा में युवाओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम बनाया जायेगा।
आगरा में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का लगभग 15 स्थानों पर जनता ने भव्य स्वागत किया। पूर्व मंत्री नकवी ने आश्वासन दिया कि प्रियंका गाँधी ने 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को आवंटित करने का जो वायदा किया है उसे अवश्य निभाया जायेगा। जो लाखों लोग बेरोजगार और बेकार डिग्रियां लेकर घूम रहे हैं उन्हें सरकार बनते ही नौकरी देने की प्रतिज्ञा कांग्रेस ने की है।
इस प्रतिज्ञा यात्रा में बहुत समय बाद ब्रज क्षेत्र के पुराने कोंग्रेसियों के अतिरिक्त नवयुवक भी बड़ी संख्या में दिखाई दिए। रैली की शुरुआत डॉ0 आंबेडकर, लालबहादुर शास्त्री, दुर्गादास राठौर, अहिल्याबाई, बाबू जगजीवन राम और महाराजा अग्रसेन की मूर्तियों पर माल्यार्पण के बाद हुई। पूर्व मंत्री जफ़र अली नकवी के अलावा यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, प्रवक्ता डॉली शर्मा, दुर्गादास राठौर, शब्बीर अब्बास, मो0 शरीफ काला भी शामिल थे।
उधर प्रशासन से अनुमति न मिलने के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिज्ञा यात्रा निकालने को आगरा प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि धारा 144 को ध्यान में रखते हुए हमने कांग्रेस को प्रतिज्ञा यात्रा की अनुमति नहीं दी थी। अनुमति के लिए शहर अध्यक्ष देवेंद्र चिल्लू ने प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन पुलिस रिपोर्ट नेगेटिव व धारा 144 होने के कारण अनुमति नही दी गई। बिना अनुमति यह यात्रा निकाली गई है, इसलिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

