उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुई भीषण दुर्घटना में दम्पत्ति और चार साल की बेटी की मौत हो गई। ये परिवार लखनऊ से आगरा आ रहा था। एक्सप्रेसवे पर 57 किलोमीटर की दूरी पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतकों की शिनाख्त हर्षित पाण्डे (35) पुत्र उमेश पाण्डे निवासी आलमबाग लखनऊ, उनकी पत्नी ज्योति पाण्डे (32) और चार साल की बेटी मान्या के रूप में हुई है।
दुर्घटना का कारण कार की तेज रफ़्तार और नींद बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और तीनो शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक नसीरपुर सीपी सिंह के अनुसार मृतक हर्षित पाण्डे एचडीएफसी बैंक में अकाउंट प्रबंधक के रूप में तैनात थे। दंपत्ति और बेटी की मौत की सूचना मिलते ही हर्षित पाण्डे के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग फिरोजाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। प्रभारी निरीक्षक सीपी सिंह ने बताया हर्षित पाण्डे मूल रूप से रहीम नगर कुशीनगर के रहने वाले थे। लखनऊ में एचडीएफसी बैंक में अकॉउंट मैनेजर के रूप में तैनात थे और किसी कार्य से आगरा आ रहे थे।

