agra airport

agra airportताजनगरी आगरा में पर्यटन विकास के दावे तो अनेक किये गए हैं, लेकिन यह बात सर्वविदित है कि आगरा का पर्यटन व्यवसाय तभी परवान चढ़ सकेगा जब यहाँ हवाई यात्रा पूरी तरह सुचारु होगी।

आगरा का पर्यटन जगत एवं अन्य व्यापारी बराबर कहते चले आ रहे हैं कि जब तक हवाई यात्रा शुरू नहीं होगी तब तक वे एम्पोरियम एवं अन्य व्यापारिक संस्थान नहीं खोल सकते, और जब तक संस्थान नहीं खुलेंगे, तब तक स्टाफ को वेतन देना भी संभव नहीं है।

इस सम्बन्ध में पर्यटन व्यवसाई अधिकारियों को कई बार ज्ञापन देकर हवाई यात्रा शुरू करने की अपील कर चुके हैं। अब ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पर्यटन एवं अन्य व्यापारियों की यह मनोकामना शीघ्र ही पूरी होने वाली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आगरा से विभिन्न स्थानों के लिए फ्लाइट की सुविधा बढ़ाने का काम शुरू हो गया है। 15 सितम्बर से आगरा – लखनऊ उड़ान शुरू होने की पूरी उम्मीद है। इसके बाद 2 अक्टूबर को यानि गाँधी जयंती के मौके पर आगरा से अहमदाबाद – नागपुर हवाई सेवा प्रारम्भ हो सकती है, जो कि प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी। इंडिगो एयर लाइंस ने इसके लिए शेड्यूल भी जारी कर दिया है।

आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चेंबर के सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि कोरोना के कारण बंद कर दी गयी उड़ानों को धीरे-धीरे प्रारम्भ करने के बाद अब अन्य बड़े शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू किये जाने की तैयारियां चल रही हैं। नई दिल्ली से ग्वालियर फ्लाइट का स्टॉपेज आगरा कराने पर विचार चल रहा है।

खेरिया हवाई अड्डे के निदेशक ए0 अंसारी का कहना है कि 15 सितम्बर से आगरा – लखनऊ विमान सेवाशुरु होने की पूरी संभावना है। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया को इंडिगो ने पत्र भी लिख दिया है। अहमदाबाद फ्लाइट को ही नागपुर तक विस्तार दिया गया है।

बताया जाता है कि बुधवार और शुक्रवार को यह फ्लाइट सुबह 10:10  बजे अहमदाबाद से आगरा आएगी और 10:30 बजे अहमदाबाद के लिए वापस उड़ान भरेगी। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कुछ देर ठहरने के बाद यह नागपुर के लिए रवाना होगी और 2 अक्टूबर से यह उड़ान नियमित होगी।

हालांकि आगरावासियों को मुंबई – भोपाल फ्लाइट के शुरू होने का बेसब्री से इन्तजार है। कोरोना की वजह से लगे प्रतिबन्ध से पहले मुंबई फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन ( सोमवार – बुधवार – शनिवार ) को थी। वहीँ भोपाल फ्लाइट प्रतिदिन थी। सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि इन दोनों फ्लाइट के लिए एयरलाइन्स ने अपने स्लॉट बुक कर लिए हैं लेकिन फ्लाइट शुरू नहीं हो पा रही है।

पर्यटन उद्यमी आमिर का कहना था कि पर्यटन व्यवसाय के लिए देशी फ्लाइट शुरू होने से अधिक विदेशी उड़ानों का वापस भारत में आने का सिलसिला शुरू होना अधिक महत्वपूर्ण है। देशी फ्लाइट अधिकतर जूता व्यापारी ही इस्तेमाल करेंगे।

S Qureshi