आगरा स्थित साहित्यिक संस्था चित्रांशी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज 1 फरवरी 2026 को संस्था अध्यक्ष तरुण पाठक की अध्यक्षता में उनके कार्यालय ए-1 पार्श्वनाथ प्रेरणा में संपन्न हुई। बैठक में संस्था के आगामी साहित्यिक कार्यक्रमों और सम्मानों को लेकर अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि चित्रांशी फ़िराक़ इंटरनेशनल अवार्ड–2026 देश के मशहूर शायर और प्रतिष्ठित नाज़िम-ए-मुशायरा मंसूर उस्मानी को प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वर्गीय के.सी. श्रीवास्तव सम्मान–2026 आगरा के प्रमुख साहित्यकार अरुण डंग को देने का निर्णय भी लिया गया।
संस्था द्वारा यह भी तय किया गया कि इन दोनों सम्मानों का वितरण 25 अप्रैल 2026 को सायंकाल होटल ग्रांड, आगरा में आयोजित एक भव्य समारोह में किया जाएगा। इसी अवसर पर आयोजित होने वाले अखिल भारतीय मुशायरे में एक प्रतिष्ठित हिंदी गीतकार को भी आमंत्रित किए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान संभावित गीतकारों के नामों पर चर्चा की गई, हालांकि अंतिम सूची को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी संस्था के सचिव अमीर अहमद एडवोकेट को सौंपी गई। वे अन्य जानकार और वरिष्ठ सदस्यों से विचार-विमर्श कर आमंत्रित साहित्यकारों की सूची को अंतिम रूप देंगे।
बैठक में साहित्य, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे। इनमें इंजीनियर जी.डी. शर्मा, डॉ. सिराज क़ुरैशी, कर्नल जी.एम. ख़ान, अब्दुल क़ुद्दूस ख़ां, प्रोफेसर मुहम्मद हुसैन महमूद-उज़-ज़मां, डॉ. महेश धाकड़, डॉ. सलीम अहमद ऐटवी तथा रूपेश कुलश्रेष्ठ एडवोकेट प्रमुख रूप से शामिल थे।
बैठक का संचालन संस्था के सचिव अमीर अहमद एडवोकेट ने किया। बैठक के अंत में हाल ही में दिवंगत फ़िराक़ अवार्ड से सम्मानित शायर ताहिर फ़राज़ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
संस्था पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी समारोह और मुशायरा साहित्य प्रेमियों के लिए एक यादगार आयोजन सिद्ध होगा और आगरा की साहित्यिक परंपरा को नई ऊँचाइयाँ प्रदान करेगा।

